DehradunUttrakhand

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर त्योहारी सीजन में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए विशेष अभियान, शहर के प्रमुख मार्गों पर कराया जा रहा नियमित जल छिड़काव

देहरादून: त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए नगर निगम देहरादून द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशों के क्रम में शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, व्यस्त बाजारों एवं धूल प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से जल छिड़काव कराया जा रहा है।

अभियान के तहत पानी के टैंकरों एवं विशेष छिड़काव मशीनों के माध्यम से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही एवं अन्य गतिविधियों के कारण उड़ने वाली धूल को नियंत्रित किया जा सके। इससे वातावरण में धूल के सूक्ष्म कणों का प्रसार कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

 

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान शहर की वायु गुणवत्ता पर निरंतर नजर रखी जाए और जिन क्षेत्रों में धूल एवं प्रदूषण की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा रही है।

नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे खुले में कूड़ा एवं अन्य अपशिष्ट न जलाएं, निर्माण सामग्री को खुले में न छोड़ें तथा धूल और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें। साथ ही स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में नगर निगम का सहयोग करें।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में नगर निगम देहरादून स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण मुक्त शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!