साइकिल सवार गार्ड की दर्दनाक मौत पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने जताया शोक, रात्रि में साइकिल चालकों को देगा सुरक्षा लाइट।
देहरादून साइक्लिंग क्लब (Dehradun Cycling Club) 13-11-2026
देहरादून। देहरादून में तेज रफ्तार कारों की आपसी रेस और लापरवाही के कारण साइकिल सवार गार्ड श्री विनोद कुमार की दर्दनाक मौत की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से अपने घर लौट रहे विनोद कुमार को दो तेज रफ्तार कारों ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी जान चली गई। यह घटना केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।

देहरादून साइक्लिंग क्लब इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करता है। क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह सहित क्लब के सभी सदस्य स्वर्गीय विनोद कुमार की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों की तेज रफ्तार और सड़क पर रेस लगाने की मानसिकता के कारण एक मेहनतकश नागरिक को अपनी जान गंवानी पड़ी। शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? क्या यातायात पुलिस और पुलिस प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? ऐसा प्रतीत होता है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में कानून का भय समाप्त होता जा रहा है और इसकी कीमत आम नागरिक अपनी जान देकर चुका रहे हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं यातायात पुलिस से मांग की कि इस दुर्घटना के जिम्मेदार कार चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। सीसीटीवी फुटेज सहित सभी साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
साइकिल सवारों की सुरक्षा के लिए देहरादून साइक्लिंग क्लब की पहल
भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोकने तथा रात्रि के समय साइकिल से आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देहरादून साइक्लिंग क्लब ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।
क्लब देहरादून में रात्रि की ड्यूटी पर आने-जाने वाले सभी सुरक्षा गार्ड भाइयों को निःशुल्क रेड बैक टेल लाइट (Rear Safety Tail Light) उपलब्ध कराएगा, ताकि रात के अंधेरे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को साइकिल स्पष्ट दिखाई दे सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
जो भी सुरक्षा गार्ड भाई यह निःशुल्क बैक टेल लाइट प्राप्त करना चाहते हैं, वे देहरादून साइक्लिंग क्लब के कार्यालय से संपर्क कर इसे प्राप्त कर सकते हैं।
संपर्क एवं पंजीकरण: 8755960120 (WhatsApp / Call)
हरिसिमरन सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल साइकिल चलाने को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि साइकिल चालकों और सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। एक जिम्मेदार सामाजिक संगठन होने के नाते क्लब अपनी ओर से यह छोटा-सा प्रयास कर रहा है, ताकि किसी अन्य परिवार को विनोद कुमार जैसी अपूरणीय क्षति न उठानी पड़े।
देहरादून साइक्लिंग क्लब की अपील:
सड़कों पर तेज रफ्तार और आपसी रेस लगाने पर तत्काल रोक लगे।
यातायात पुलिस रात्रि में भी नियमित चेकिंग और निगरानी सुनिश्चित करे।
लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित सड़कें और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एक जिम्मेदार समाज की पहचान यही है कि सड़क पर हर व्यक्ति की जिंदगी की कीमत समझी जाए। किसी को भी अपनी ड्यूटी से घर लौटते समय अपनी जान नहीं गंवानी चाहिए।
देहरादून साइक्लिंग क्लब
साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ, देहरादून बचाओ।
अशोक खंडूरी
मीडिया प्रभारी
देहरादून साइक्लिंग क्लब