DehradunUncategorizedउत्तराखंडसामाजिक

कविताओं में गूंजा राष्ट्रप्रेम, पहाड़ की माटी और गांव की यादों का भाव

कविताओं में गूंजा राष्ट्रप्रेम, पहाड़ की माटी और गांव की यादों का भाव

बहुभाषी राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री खजानदास ने की शिरकत, आठ भाषाओं के कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां, लोकसंस्कृति और मातृभाषाओं के संरक्षण का दिया संदेश

देहरादून। कविता केवल शब्दों का संगम नहीं, बल्कि भावनाओं, संस्कृति और समाज की संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। कभी राष्ट्रप्रेम की भावना तो कभी अपनी माटी से जुड़ाव, कभी पहाड़ की खूबसूरती तो कभी गांव से दूर होने की कसक। कुछ ऐसे ही विविध भाव सोमवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित बहुभाषी राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन में देखने को मिले। स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) के अंतर्गत आयोजित इस कवि सम्मेलन में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजानदास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभिन्न भाषाओं और बोलियों के कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के रंगों से सराबोर किया।

 

 

 

 

 

कैबिनेट मंत्री खजानदास ने कवि सम्मेलन की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य और कविता समाज को जागरूक करने के साथ ही राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। हमारी मातृभाषाएं और लोकबोलियां हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित और प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, साहित्य और अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

कवि सम्मेलन की विशेषता रही कि इसमें संस्कृत, गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी, पंजाबी, हिंदी और उर्दू सहित विभिन्न भाषाओं में काव्य प्रस्तुतियां दी गईं। अलग-अलग भाषाओं में रची गई कविताओं के माध्यम से कवियों ने राष्ट्रप्रेम, पहाड़ की संस्कृति, सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं और बदलते ग्रामीण परिवेश को अभिव्यक्ति दी।

सम्मेलन में विशिष्ट कवियों में डॉ. रामविनय सिंह ने संस्कृत, नीता कुकरेती ने गढ़वाली, कविता बिष्ट नेह ने कुमाऊंनी, रिंकू और सीमा ने जौनसारी, दीपक अरोड़ा ने पंजाबी, दिव्यांशु दुष्यंत ने हिंदी तथा मोनिका मंतशा ने उर्दू भाषा में अपनी काव्य प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न भाषाओं की इन प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और देश की भाषाई विविधता की खूबसूरत झलक पेश की। मुख्यमंत्री के प्रमुख निजी सचिव भूपेंद्र बसेड़ा ने भी कुमाउनी कविता गाकर समां बांध दिया। वहीं स्मॉल बेल्स डांस एकेडमी के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।

कवि सम्मेलन में जौनसार की प्राकृतिक सुंदरता और लोकजीवन पर आधारित ‘मेरे जौनसार की बात निराली असो’ शीर्षक से प्रस्तुत कविता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कविता में पहाड़ के ठंडे पानी, लोगों की मीठी वाणी, हरे-भरे जंगलों और प्रकृति की सुंदरता को बेहद सहज अंदाज में पिरोया गया।

वहीं ‘मेरे गांव दे’ शीर्षक से प्रस्तुत कविता में गांव की बदलती तस्वीर, पुराने संस्कारों, आपसी रिश्तों और ग्रामीण जीवन की चुनौतियों को शब्द दिए गए। रचना में रोजगार की कमी, गांव से पलायन और पुरानी परंपराओं के धीरे-धीरे विलुप्त होने की पीड़ा भी दिखाई दी। गांव की यादों और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना ने श्रोताओं को भावुक किया।

एक अन्य हिंदी कविता की पंक्तियों ने जीवन के संघर्ष और अपनी जड़ों की ओर लौटने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति को जीवित रखने में साहित्यकारों एवं कवियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन विभिन्न भाषाओं और बोलियों को मंच देने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं सुभाष चंद्र बोस अकादमी के चेयरमैन दिगंबर नेगी तथा वीर सावरकर संगठन के अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया ने भी आयोजन की सराहना की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के छात्रसंघ अध्यक्ष नवदीप राणा उपस्थित रहे।

कवि सम्मेलन का संचालन श्रीकांत श्री ने किया, जबकि संयोजन डॉ. शैलेन्द्र कौशिक ने किया। कार्यक्रम का आयोजन स्मृति विकास संस्थान की ओर से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!