
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने और उन्हें समय पर उपचार दिलाने के लिए देहरादून में सड़क सुरक्षा एवं आपातकालीन उपचार पर संगोष्ठी आयोजित की गई। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने लोगों से सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना जीवन बचाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत और राह-वीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।

संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकती है। वहीं, गोल्डन आवर के दौरान घायल को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले पात्र राह-वीर को ₹25,000 तक का पुरस्कार दिया जा सकता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित राह-वीरों को राष्ट्रीय स्तर पर ₹1 लाख, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने का भी प्रावधान है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार दिलाना मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आमजन की भागीदारी पर बल दिया।
कार्यक्रम में आपातकालीन नंबर 112, ई-डीएआर और टीएमएस पोर्टल से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई। संगोष्ठी में पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।