उत्तराखंडसामाजिक

करौंदी ग्राम पंचायत में हुआ पहली बार बाल सभा का आयोजन

रुड़की

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पहली बार ब्लॉक के करौंदी ग्राम पंचायत में हुई मॉडल बाल सभा में किशोर-किशोरियों ने अपने लिए गांव में खेल मैदान की मांग की। साथ ही अधिकारियों से अपनी सुरक्षा का वादा लिया। उन्होंने स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने और बाल भिक्षावृत्ति पर हर हाल में रोक लगाए जाने के प्रस्ताव दिए। इस प्रस्ताव को अब ग्राम पंचायत में होने वाली जीपीडीपी की बैठक में शामिल कर राज्य और केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

शुक्रवार 27 सितंबर को पंचायती राज विभाग की ओर से रुड़की की करौंदी ग्राम पंचायत में बाल सभा का आयोजन किया गया। सभा में सबसे पहले अध्यक्ष, उपाध्यक्ष आदि का चयन किया गया। इसमें कुमारी सना को अध्यक्ष, अंकुश को उपाध्यक्ष और सहनाज को सचिव मनोनीत किया गया। इनकी अध्यक्षता में हुई बाल सभा में किशोर-किशोरियों से गांव के विकास के लिए प्रस्ताव मांगे गए। किशोर-किशोरियों ने सबसे पहले उनके खेलने के लिए गांव में खेल मैदान की मांग की। बाल योन उत्पीड़न, बच्चों की तस्करी, पोक्सो एक्ट आदि पर उन्होंने स्वयं की सुरक्षा का अधिकारियों से वादा लिया। वहीं स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रस्ताव भी रखा। इसके अलावा बच्चों ने बाल विवाह, बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की। इस मौके पर पंचायती राज विभाग के थेमेटिक एक्सपर्ट गुड गवर्नेस पंकज नाथ तिवारी ने कहा कि गांव के विकास में महिलाओं के साथ ही बच्चों की भागीदारी भी जरूरी है। सभा में बच्चों ने जिन विषयों पर अपने प्रस्ताव रखे वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने बच्चो को बालश्रम और भिक्षावृत्ति पर चर्चा की साथ ही बच्चो को बाल हितेषी ग्राम पंचायत के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संस्था के चेयरमैन धमेंद्र सिंह ने बच्चों को योजनाओं की जानकारी दी। एडीओ पंचायत बनेश कुमार ने बताया कि बच्चों ने गांव में योग और व्यायाम के अलावा गायन व नृत्य के लिए क्लब बनाए जाने की मांग की। इस मौके पर बीडीओ सुमन दत्त कुटियाल, वरिष्ठ महिला सदस्य सरोज, ग्राम प्रधान महताब, जुनैद, प्रदीप चौहान, विजय चौहान, संदीप सैनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button