defenceJammu & Kashmir

जम्मू-कश्मीर: त्राल और शोपियां में सुरक्षाबलों की दो बड़ी कामयाबी, लश्कर के 6 आतंकी ढेर, हथियार और गोला-बारूद बरामद

जम्मू-कश्मीर के त्राल और शोपियां में आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 6 आतंकियों को मार गिराया गया, जिनमें लश्कर-ए-ताइबा के टॉप कमांडर शाहिद कुट्टे समेत तीन वांछित आतंकी शामिल थे।

 

त्राल में तड़के मुठभेड़, तीन आतंकी ढेर

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के त्राल इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया गया। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है, ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके।

 

शोपियां में लश्कर के शीर्ष कमांडर समेत तीन आतंकी मारे गए

इसके अलावा, मंगलवार सुबह दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के शुक्रू केलर इलाके में भी मुठभेड़ हुई। खुफिया सूचना पर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सेना की 20 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया। आतंकियों की मौजूदगी की पुष्टि होते ही इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में लश्कर-ए-ताइबा के तीन आतंकी मारे गए। इनकी पहचान टॉप कमांडर शाहिद कुट्टे, अदनान शफी, और अहसान-उल-हक शेक के रूप में हुई है।

शाहिद कुट्टे: लश्कर का ए-कैटेगरी आतंकी

शोपियां के चोटीपोरा हीरपोरा निवासी शाहिद कुट्टे मार्च 2023 में लश्कर-ए-ताइबा में शामिल हुआ था। वह संगठन का शीर्ष कमांडर था और कई आतंकी घटनाओं में शामिल था। उसमें 8 अप्रैल 2024 को दानिश रिसॉर्ट में विदेशी पर्यटकों पर फायरिंग और 18 मई को भाजपा सरपंच की हत्या जैसे मामले दर्ज थे।

 

अदनान शफी और अहसान-उल-हक: सी-कैटेगरी आतंकी

वहीं, अदनान शफी अक्टूबर 2024 में लश्कर में शामिल हुआ था और एक गैर-स्थानीय मजदूर की हत्या में शामिल था। पुलवामा निवासी अहसान-उल-हक भी 2023 में संगठन में शामिल हुआ था और उस पर भी आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे।

 

हथियार और गोला-बारूद बरामद

दोनों मुठभेड़ों के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें एके-47 राइफलें, मैगजीन, ग्रेनेड और अन्य सैन्य सामग्री शामिल है।

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी सुरक्षाबलों के सख्त रुख से एक बार फिर साफ हो गया है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इन सफल अभियानों ने लश्कर-ए-ताइबा जैसे आतंकी संगठनों को बड़ा झटका दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!