उत्तराखंडदेहरादून

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने युवाओं से पहाड़ी उत्पादों को ब्रांड बनाने का किया आग्रह

स्वदेशी महोत्सव के दूसरे दिन उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन का आयोजन

देहरादून: स्मृति विकास संस्थान द्वारा परेड ग्राउंड में चल रहे सात दिवसीय स्वदेशी महोत्सव और उत्तराखण्ड विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने युवाओं से अपील की कि वे पहाड़ी उत्पादों को ब्रांड बनाकर स्वरोजगार की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएँ।

मंत्री ने कहा कि गांवों में जैविक खेती को अपनाने की अपार संभावनाएं हैं, और विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ स्वदेशी अभियान से भी जुड़ें। उन्होंने स्वदेशी महोत्सव में लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करने का जिक्र करते हुए बताया कि लोग उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं और कई उद्यमी हर वर्ष यहाँ स्टॉल लगाते हैं। यह प्रदर्शनी 8 से 14 दिसंबर तक चलेगी।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत लगाए गए स्वदेशी और पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। सरकार के विकास कार्यों से जुड़े स्टॉल, लघु उद्यमियों के स्वदेशी उत्पाद, पहाड़ी वस्तुएं तथा राज्य की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉलों पर लोगों की विशेष भीड़ रही। साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

दूसरे दिन नंदा देवी राजजात की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया, जबकि शाम को ‘तर्क दा बैंड’ ने सूफी संगीत के माध्यम से सांस्कृतिक संध्या में शानदार माहौल बनाया।

स्मृति विकास संस्थान के सचिव आधार वर्मा ने बताया कि यह महोत्सव उत्तराखण्ड के रजत जयंती वर्ष पर राज्य की संस्कृति, पर्यटन, स्वदेशी उद्यमिता, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण को एक ही मंच पर लाने का प्रयास है।

उन्होंने जानकारी दी कि 10 दिसंबर को होने वाले महिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!