
देहरादून: उत्तराखंड में नर्सिंग कॉलेजों के संचालन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। शासन के निर्देश पर किए गए आकस्मिक निरीक्षण में देहरादून और हरिद्वार के चार नर्सिंग कॉलेजों में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। इन खामियों के चलते संबंधित संस्थानों की मान्यता तक रद्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शासन ने निरीक्षण समिति का गठन किया था। समिति ने 9 और 10 मार्च को विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सहसपुर स्थित गुरुनानक नर्सिंग कॉलेज, ढालीपुर (विकासनगर) स्थित न्यू अनमोल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हरिद्वार का मॉडर्न ग्लोबल कॉलेज ऑफ नर्सिंग और तक्षशिला नर्सिंग कॉलेज में कई गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि कई संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुसार योग्य फैकल्टी की भारी कमी है। वहीं, छात्रों की उपस्थिति रजिस्टर और वास्तविक उपस्थिति में भी बड़ा अंतर मिला, जिससे फर्जी उपस्थिति की आशंका जताई गई है।
सबसे चिंताजनक स्थिति संबद्ध अस्पतालों की रही। कई कॉलेजों से जुड़े अस्पताल या तो संचालित नहीं मिले या फिर आवश्यक मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा प्रयोगशालाओं, उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं में भी भारी कमी पाई गई।
निरीक्षण समिति ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कॉलेजों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव सचिन कुर्वे ने रिपोर्ट मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल इसका परीक्षण किया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।