
ऋषिकेश: महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर मार्ग पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यमकेश्वर तहसीलदार वैभव जोशी ने संबंधित विभागों को 13 फरवरी तक नीलकंठ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं, ताकि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसे लेकर लक्ष्मणझूला स्थित डीएम कैंप कार्यालय में तहसीलदार वैभव जोशी की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान तहसीलदार ने लोक निर्माण विभाग दुगड्डा के अधिकारियों को नीलकंठ मोटर मार्ग को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सड़क की स्थिति बेहतर होनी चाहिए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
इसके साथ ही तहसीलदार ने यातायात व्यवस्था को लेकर परिवहन विभाग को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग, वाहनों की आवाजाही और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समयसीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सकें।