DehradunUttrakhand

रुद्रपुर जिला अस्पताल में दिनदहाड़े हत्या: कारोबारी को चाकुओं से गोदा, भारी पुलिस बल तैनात

मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में बदला; मेडिकल परीक्षण के लिए पहुंचे पक्ष पर हमलावरों ने इमरजेंसी गेट पर बोला धावा

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट के बाहर एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (पुत्र कमलेश जौहरी) के रूप में हुई है। अस्पताल परिसर में हुई इस हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास इलाके में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की अलग-अलग मोबाइल की दुकानें हैं। दोनों के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा चली आ रही थी। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।

अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर बोला हमला

मारपीट की घटना के बाद घायल एक पक्ष के लोग शिकायत दर्ज कराने आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे थे, जहां से पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। इसी बीच दूसरे पक्ष को भी इसकी भनक लग गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के करीब 10 से 12 लोग एकत्रित होकर जिला अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी गेट के समीप ही हमला बोल दिया। हमलावरों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में सरेआम हुई चाकूबाजी से मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के सामने भी दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए, जिन्हें अलग करने और स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के बाद अस्पताल में मेडिकल कराने आए पक्ष पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!