उत्तराखंडहरिद्वार

अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर हरिद्वार में हंगामा, विनोद आर्या के घर कूच कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित चैट सार्वजनिक होने के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्या के आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उनके घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।

17 नवंबर को महिला कांग्रेस कार्यकर्ता विनोद आर्या के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं। पुलिस ने उन्हें घर की ओर बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

विनोद आर्या के आवास की ओर जाने के दौरान सड़क पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी बीच महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कुछ कार्यकर्ता सड़क पर गिर गईं। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

इससे एक दिन पहले पहाड़ी महासभा की ओर से नगर कोतवाली पुलिस को विनोद आर्या के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए उनके आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था।

मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित चैट सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!