
माणा (चमोली): देश के प्रथम गाँव माणा में आयोजित दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025 का रविवार को भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन समारोह में शिरकत करते हुए कहा कि इस आयोजन से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, संस्कृति और आर्थिकी को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा — “वाइब्रेंट गांवों की आर्थिकी को नया संबल मिलेगा। यह महोत्सव सीमांत क्षेत्रों में विकास की नई गाथा लिखेगा।”

संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति का अद्भुत संगम
महोत्सव का आयोजन भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था, जिसमें स्थानीय समुदायों, पर्यटकों और गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय जनता, सेना और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया है।

मुख्यमंत्री ने “नो योर आर्मी” प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और सेना द्वारा प्रदर्शित उपकरणों व मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी भारतीय सेना और आम जनता के बीच सहयोग और विश्वास को और गहरा करेगी।
लोकसंस्कृति की झलकियों ने जीता दिल
महोत्सव में स्कूली बच्चों ने पारंपरिक लोकनृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित किए और कहा कि गढ़वाली संस्कृति की ये झलकियाँ देवभूमि के गौरव और पहचान को सशक्त करती हैं।
गढ़वाली बैंड, स्थानीय कलाकारों और कारीगरों के प्रदर्शन ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, स्थानीय शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में पारंपरिक बुनाई, लकड़ी के हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद और स्थानीय व्यंजनों को पर्यटकों ने खूब सराहा।

वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के उद्देश्यों को बल प्रदान करता है। इससे सीमांत क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि पर्यटन विकास, रोजगार सृजन, रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने और सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सार्थक पहल है।
बद्रीविशाल के दर्शन और प्रदेश की समृद्धि की कामना
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने श्री बद्रीविशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं देश की प्रगति की कामना की।