चारधाम यात्रा ने रचा इतिहास: पहली बार 65.55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, टूटे पिछले सभी रिकॉर्ड

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा-2026 का समापन हो गया है। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही यात्रा पर शीतकालीन विराम लग गया। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। पहली बार 65 लाख 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम और हेमकुंड साहिब में दर्शन किए।
जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष बदरीनाथ धाम में सबसे अधिक 23,39,772 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं केदारनाथ में 19,33,138, गंगोत्री में 10,07,177 और यमुनोत्री में 8,84,841 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। इस तरह कुल संख्या 65,55,624 तक पहुंच गई।
पिछले वर्षों की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2022 में करीब 46 लाख, 2023 में 56 लाख, 2024 में 48 लाख और 2025 में लगभग 51 लाख श्रद्धालु यात्रा पर पहुंचे थे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पंजीकरण और अन्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए थे। विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय से यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अब शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होंगे दर्शन
कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन मुखबा, मां यमुना के खरसाली, बाबा केदारनाथ के ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और भगवान बदरी विशाल के जोशीमठ स्थित नरसिंह मंदिर में कर सकेंगे।
चारधाम यात्रा-2026 में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या उत्तराखंड के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।