युवक के साथ मार-पीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने वाले 02 अभियुक्तों को देहरादून पुलिस ने किया गिरफ्तार
पैसों के लेन देन को लेकर चल रहे विवाद में अभियुक्तो द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ दिया था घटना को अंजाम

देहरादून। ऋषिकेश के एक होटल कारोबारी और उसके बेटे के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को ऋषिकेश निवासी होटल कारोबारी दिनेश कोठारी ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने कारोबार के सिलसिले में अतुल गुप्ता, दया गुप्ता, शिवांश गुप्ता, योगेश राठी और पार्थ गुप्ता को उधार रकम दी थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई और जब उन्होंने पैसे लौटाने का दबाव बनाया तो आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ उनके होटल पहुंचे।
शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने होटल में पहुंचकर दिनेश कोठारी और उनके बेटे के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। घटना में उनके पुत्र सागर कोठारी को गंभीर चोटें आईं।
मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 177/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले की विवेचना थानाध्यक्ष वसंत विहार को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 2 जून 2026 को घटना में शामिल दो आरोपियों योगेश राठी और पार्थ सिंह को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी योगेश राठी (37 वर्ष) वर्तमान में मालसी, राजपुर रोड, देहरादून में रहता है, जबकि उसका मूल निवास रोहतक, हरियाणा है। वहीं पार्थ सिंह (24 वर्ष) टीएचडीसी कॉलोनी, ऋषिकेश का निवासी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।