उत्तराखंड

सीएम धामी के निर्देश पर नवरात्रि में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई

147 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 17 नमूने जांच के लिए भेजे गए

नवरात्रि पर्व के दौरान उपवास में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु उत्तराखण्ड राज्य में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कुट्टू के आटे एवं अन्य उपवास संबंधी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण किया जा रहा है।

विशेष निरीक्षण अभियान के तहत कार्रवाई:
खाद्य संरक्षा आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि आज 04 अप्रैल को राज्यभर में 147 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई, जिसमें से 17 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों से कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें कुट्टू का आटा, सूजी, खाद्य तेल, सेंधा नमक, चीनी, चौलाई लड्डू, फलाहारी नमकीन, साबूदाना, काला नमक और सत्तू शामिल हैं। इन सभी नमूनों को विश्लेषण हेतु राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजा गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के 75 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है और यह कार्रवाई सतत जारी रहेगी।

कुमाऊं मंडल में 72 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खुले कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं मिली
आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों – नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आज 04 अप्रैल को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान 72 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कहीं भी खुले कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि व्यापारीगण दिशा-निर्देशों का अनुपालन कर रहे हैं। नैनीताल के रामनगर क्षेत्र से साबूदाना, सत्तू और काला नमक के नमूने लिए गए, जबकि बागेश्वर में कुट्टू के पैक्ड आटे एवं सूजी के नमूने तथा चम्पावत से साबूदाना का नमूना संग्रहित किया गया। कुल 06 खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला, रुद्रपुर को भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा मानकों पर होगी सख्त कार्रवाई
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात यदि कोई नमूना निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह कबायत ने नैनीताल में स्वयं निरीक्षण करते हुए खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री विक्रय करने के निर्देश दिए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!