DehradunUttrakhand

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली ‘दीपावली राइड अगेंस्ट एयर पॉल्यूशन’: पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त दिवाली का दिया संदेश

प्रेमनगर से ड्वारा की पहाड़ियों तक 55 किमी लंबी जागरूकता साइकिल राइड; युवाओं और स्कूली बच्चों से इको-फ्रेंडली दीपावली मनाने की अपील

देहरादून: दीपावली के अवसर पर बढ़ते वायु प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा ‘दीपावली राइड अगेंस्ट एयर पॉल्यूशन’ का आयोजन किया गया। 55 किलोमीटर लंबी इस जागरूकता साइकिल राइड में क्लब के सदस्यों ने प्रातः 5 बजे से उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह जागरूकता राइड प्रेमनगर चौक से शुरू हुई। इसके बाद साइकिल सवार पंडितवाड़ी, बल्लूपुर चौक, घंटाघर, सर्वे चौक, रायपुर चौक और मालदेवता पुल होते हुए ड्वारा की पहाड़ियों तक पहुंचे और फिर वहां से वापस लौटे। राइड का नेतृत्व क्लब के पर्यावरण प्रमुख प्रणय पंत, क्लाइमेट चेंज प्रमुख आर्यन चौहान तथा ग्रीन देहरादून प्रमुख आदर्श रावत ने किया।

आयोजन के दौरान क्लब के पर्यावरण प्रमुख प्रणय पंत ने कहा कि प्रतिवर्ष दीपावली पर हजारों रुपये के पटाखे जलाए जाते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता पर बुरा असर पड़ता है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचता है। इस राइड का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों और युवाओं को पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करना है।

क्लाइमेट चेंज प्रमुख आर्यन चौहान ने बताया कि त्यौहारों के दौरान पटाखों के अत्यधिक प्रयोग से वायु प्रदूषण और कार्बन डाइऑक्साइड जैसे हानिकारक प्रदूषकों का उत्सर्जन बढ़ता है। हम दीये और मोमबत्तियां जलाकर भी खुशियों के साथ दीपावली मना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जलवायु संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।

वहीं, ग्रीन देहरादून प्रमुख आदर्श रावत ने शहर की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देहरादून में पर्यटकों और आबादी का दबाव तेजी से बढ़ने के कारण कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण बड़ी चुनौती बन गए हैं। उन्होंने नागरिकों और युवाओं से स्वच्छ एवं हरित देहरादून बनाने में जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया ताकि इस इको-सेंसिटिव शहर की प्राकृतिक सुंदरता सुरक्षित रह सके।

क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण की वजह से विशेषकर अस्थमा और फेफड़ों के मरीजों पर गंभीर असर पड़ता है। युवाओं द्वारा साइकिलिंग के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाना एक बेहद सराहनीय प्रयास है।

इस जागरूकता राइड में प्रणय पंत, आर्यन चौहान, आदर्श रावत, अजय अग्रवाल, मनोज बिष्ट, चित्रांग, सुरिंदर कुमार, जयंती प्रसाद गौड़, तेजिंदर पाल सिंह, रिक्की गोस्वामी, आरती, अमन, मोहम्मद हैरिस, हरसिमरन सिंह और मनिंदर सिंह समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!