राजनीति

60 की उम्र में शादी करने जा रहे हैं दिलीप घोष, भाजपा नेता की दुल्हन होंगी पार्टी सहयोगी रिंकू मजूमदार

कोलकाता: पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और खड़गपुर के पूर्व सांसद दिलीप घोष आज यानी 18 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 60 वर्षीय भाजपा नेता अब तक अविवाहित थे। उनकी शादी भाजपा की ही कार्यकर्ता रहीं रिंकू मजूमदार से होगी। शादी एक निजी समारोह में कोलकाता के न्यू टाउन स्थित उनके घर पर होने जा रही है, जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार और कुछ खास मेहमान ही शामिल होंगे।

दिलीप घोष और रिंकू मजूमदार की मुलाकात रोज़ सुबह की सैर के दौरान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और अब यह रिश्ता शादी तक पहुंचा है। खास बात यह है कि शादी का प्रस्ताव रिंकू मजूमदार की ओर से आया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिंकू भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं और उन्होंने महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और हथकरघा प्रकोष्ठ जैसी कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। यह रिंकू मजूमदार की दूसरी शादी है और उनका एक बेटा भी है।

शादी की खबर सामने आने के बाद भाजपा और तृणमूल दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने दिलीप घोष को बधाई दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार समेत कई नेता आज सुबह उनके घर पहुंचे और शुभकामनाएं दीं।

दिलीप घोष ने शादी को लेकर एक चैनल से बातचीत में कहा, “मेरी मां चाहती थीं कि मैं शादी करूं, इसलिए मैं उनकी इच्छा का सम्मान कर रहा हूं। राजनीति में मेरी भूमिका पहले की तरह ही बनी रहेगी। निजी जीवन का असर मेरे राजनीतिक कामकाज पर नहीं पड़ेगा।”

दिलीप घोष भाजपा के उन नेताओं में से हैं, जो अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने एक रैली में हिंदू समुदाय से अपने घरों में हथियार रखने की बात कही थी। यह बयान वक्फ कानून को लेकर हुए विवाद और हिंसा की घटनाओं के बाद आया था।

दिलीप घोष का मानना है कि आम लोग जब किसी संकट में होते हैं, तो पुलिस पर निर्भर हो जाते हैं, लेकिन आत्मरक्षा के लिए उन्हें खुद भी तैयार रहना चाहिए।

भले ही वे अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हों, लेकिन आज का दिन उनके निजी जीवन के लिए बेहद खास है, जहां वे नई ज़िंदगी की शुरुआत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!