उत्तराखंड के शिव प्रसाद चमोली को मिला ‘तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में किया सम्मानित; पर्वतारोहण, राफ्टिंग और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में रहा है उल्लेखनीय योगदान

देहरादून: उत्तराखंड के मसूरी निवासी प्रसिद्ध साहसिक खेल विशेषज्ञ एवं पूर्व आईटीबीपी अधिकारी शिव प्रसाद चमोली को ‘तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024’ (लाइफटाइम अचीवमेंट) से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। साहसिक खेलों के प्रति उनके निरंतर समर्पण, महत्वपूर्ण योगदान और अद्वितीय साहसिक भावना के लिए उन्हें जीवन पर्यंत उपलब्धि श्रेणी में यह पुरस्कार दिया गया है।
शिव प्रसाद चमोली एक अनुभवी पर्वतारोही, स्कीयर और राफ्टिंग विशेषज्ञ हैं। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में ऐतिहासिक ‘इंडो-न्यूजीलैंड हिमालयन ट्रेवर्स’ और ‘इंडो-जापानी ब्रह्मपुत्र राफ्टिंग अभियान’ का सफल नेतृत्व करना शामिल है। उन्होंने मसूरी के कैंपटी फॉल में हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट की स्थापना की है, जिसके माध्यम से अब तक 21,000 से अधिक युवाओं तथा एनडीआरएफ, पुलिस और होमगार्ड के 1,420 से अधिक जवानों को पर्वतीय बचाव एवं आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार भी किए गए प्रदान
इस समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के साथ-साथ वर्ष 2025 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार भी प्रदान किए। साहसिक पुरस्कारों की श्रेणी में बलजीत कौर और रिमो साहा सहित चार अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 के लिए 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया, जिनमें एथलीट तेजस्विन शंकर व प्रियंका गोस्वामी, शतरंज खिलाड़ी दिव्या जितेंद्र देशमुख, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल और कबड्डी खिलाड़ी पूजा प्रमुख रूप से शामिल हैं, जबकि फुटबॉल खिलाड़ी इसाया अरुमैनायगम को लाइफटाइम श्रेणी में अर्जुन पुरस्कार मिला।
वहीं, प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें नियमित श्रेणी के लिए परवीर सिंह, छोटे लाल यादव और नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा लाइफटाइम श्रेणी के लिए धर्मेंद्र सिंह यादव और वीरेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेलों को बढ़ावा देने के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।