ट्रैक्टर की स्टेयरिंग पर सीएम धामी: जनता से जुड़कर ही होता है सच्चा नेतृत्व
लिब्बरहेड़ी में धामी का ऐतिहासिक रोड शो, ट्रैक्टर चलाकर किसानों को किया सलाम

हरिद्वार : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार जनपद के लिब्बरहेड़ी में आयोजित भव्य रोड शो के दौरान एक अनूठा संदेश दिया। मंच से उतरकर स्वयं ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभालने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों के परिश्रम को नमन करते हुए जनसेवा की नई परिभाषा गढ़ी।
कार्यक्रम के दौरान जब सीएम धामी ने ट्रैक्टर चलाया तो हजारों की भीड़ में उत्साह की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री ने कहा, “किसान हमारे देश की रीढ़ हैं। जब मैं ट्रैक्टर चलाता हूं, तो यह केवल एक ड्राइव नहीं, बल्कि हमारे अन्नदाता भाइयों के परिश्रम को नमन करने का एक छोटा-सा प्रयास है।
लिब्बरहेड़ी यात्रा का मुख्य उद्देश्य हाल ही में लागू की गई समान नागरिक संहिता (UCC) के बारे में जनता से संवाद स्थापित करना था। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, “UCC न किसी मजहब के खिलाफ है और न किसी वर्ग के। यह समानता, न्याय और पारदर्शिता का मूल आधार है। यह वही सपना है जिसे बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने संविधान निर्माण के समय देखा था।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। इसमें किसानों के लिए आधुनिक खेती की तकनीक, युवा उद्यमियों के लिए स्टार्टअप योजनाएं, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं का उन्नयन शामिल है।
“हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास करना नहीं, बल्कि विकास को गांव-गांव और व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुंचाना है,” धामी ने कहा;
रोड शो के दौरान किसान, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा – सभी वर्गों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। लोगों ने मुख्यमंत्री के इस सादे और जमीनी रवैये की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
संवेदनशील नेतृत्व का प्रतीक
स्थानीय निवासी रामेश्वर सिंह ने कहा, “पहली बार देखा है कि कोई मुख्यमंत्री खुद ट्रैक्टर चलाकर हमारे काम की कद्र करे। यह सच्चे नेतृत्व की निशानी है।”
लिब्बरहेड़ी की यह यात्रा मुख्यमंत्री धामी के व्यावहारिक और संवेदनशील नेतृत्व का एक और उदाहरण बन गई है। ट्रैक्टर की स्टेयरिंग से लेकर समान नागरिक संहिता तक – हर पहलू यह दर्शाता है कि उत्तराखंड में विकास और संवेदना साथ-साथ चल रही है।