DehradunUttrakhandसामाजिकस्वास्थ्य

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने संयम और शालीनता से रखी अपनी बात, महापौर की मध्यस्थता से समाप्त हुआ विवाद

महत्वपूर्ण बैठक के बीच पहुंचे पार्षद को कुछ देर प्रतीक्षा करने का किया था अनुरोध, झूठे आरोप लगा भड़के पार्षद

नगर निगम में बुधवार को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के संबंध में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। इसी दौरान एक पार्षद बैठक कक्ष में पहुंचे और अपनी बात रखने लगे। बैठक की कार्यवाही जारी होने के कारण नगर आयुक्त ने उनसे कुछ समय प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया, ताकि बैठक पूरी होने के बाद उनकी बात और समस्याओं को विस्तार से सुना जा सके।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने पूरे घटनाक्रम के दौरान बेहद सहज, संयमित और शालीन व्यवहार बनाए रखा। हालांकि, कुछ पार्षदों ने इस बात को लेकर आपत्ति जताई और देखते ही देखते विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद पार्षदों की ओर से नगर आयुक्त पर उन्हें अनपढ़ कहने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया गया और धरने पर बैठ गए।

नगर निगम प्रशासन के पक्ष के अनुसार, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय द्वारा बातचीत के दौरान पार्षद के लिए अनपढ़ अथवा इस तरह के किसी भी अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया था। उन्होंने सामान्य एवं शालीन भाषा में केवल बैठक की कार्यवाही पूरी होने तक प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया था। ऐसे में उनके द्वारा अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाए जाने को प्रशासन ने निराधार बताया।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में सभी जनप्रतिनिधियों का सम्मान है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को गंभीरता से सुना जाता है। लेकिन प्रशासनिक कार्यवाही के दौरान निर्धारित प्रक्रिया और अनुशासन का पालन भी आवश्यक है। उन्होंने दो टूक कहा कि नगर निगम में किसी भी प्रकार के दबाव की राजनीति नहीं चलेगी। जनहित के कार्य आपसी संवाद, नियमों और निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुरूप ही संचालित होंगे।

मामले के बढ़ने पर महापौर सौरभ थपलियाल ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की। उन्होंने नगर आयुक्त एवं पार्षदों का पक्ष सुना और आपसी संवाद तथा समन्वय के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने पर जोर दिया। महापौर ने कहा कि नगर निगम एक महत्वपूर्ण स्थानीय निकाय है, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल एवं आपसी सम्मान बेहद जरूरी है। सभी को शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए।

महापौर की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न मतभेदों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर लिया गया और विवाद समाप्त हुआ। साथ ही नगर निगम के कार्यों को आपसी सहयोग, सम्मान और समन्वय के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, विकास कार्यों को गति देने और आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासनिक मर्यादा, कार्य व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!