Uncategorizedउत्तराखंडदेहरादून

सचिवालय में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, 450 ने लिया लाभ, 93 ने किया रक्तदान

देहरादून, 22 सितंबर 2025 (सू. ब्यूरो): स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत सचिवालय में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग तथा सचिवालय संघ के तत्वाधान में विशेष स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया।

शिविर में कुल 450 लोगों ने पंजीकरण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि 93 लोगों ने रक्तदान किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सचिवालय में आयोजित यह स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर स्वास्थ्य विभाग और सचिवालय संघ की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी सचिवालय कर्मियों और उनके परिजनों से इस तरह के शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही रक्तदान करने वाले लोगों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों को हमेशा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं दून मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ और तकनीशियन द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। यहां विभिन्न प्रकार के चिकित्सीय परीक्षण और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था भी की गई।

इस दौरान फीजिशियन, सर्जन, ईएनटी, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग, मनोचिकित्सा, बाल रोग और फिजियोथेरेपी से संबंधित विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य परीक्षण किए। रक्त और मधुमेह की 396 जांचें तथा 175 ईसीजी परीक्षण भी किए गए।

इस अवसर पर सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य, नोडल अधिकारी डॉ. विमलेश जोशी, डॉ. अमित शुक्ला, डॉ. रवीन्द्र राणा, डॉ. के.सी. पंत, डॉ. अनिल आर्य सहित सचिवालय संघ के अध्यक्ष सुनील लखेडा, महासचिव राकेश जोशी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!