उत्तराखंडपौड़ी गढ़वाल

गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में पहली बार होगा भव्य सांसद खेल महोत्सव

गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में 13 से 25 दिसंबर तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का शुभारंभ 13 दिसंबर को पौड़ी में केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। यह आयोजन गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के लिए पूरे गढ़वाल क्षेत्र से 13 हजार से अधिक युवाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान और मौजूद प्रतिभाओं को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर पूरे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न स्थानों पर खेल मैदानों को तैयार किया जा रहा है और प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा तय की जा चुकी है। युवाओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

सांसद खेल महोत्सव का आयोजन पौड़ी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, चमोली, मुनि की रेती और रामनगर में किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी भाग लेंगे।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी। आगे इन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि वे भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे 13 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button