Dehradun

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर विद्यालयों में वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश

देहरादून को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त शहर बनाने की दिशा में नगर निगम देहरादून द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत आराघर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं जन-जागरूकता से संबंधित विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा रोकथाम के उपायों की जानकारी देकर उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

बुधवार को आराघर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक
विद्यालय में आयोजित जागरूकता गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर पटाखों के अत्यधिक उपयोग, कूड़ा-कचरा एवं सूखी पत्तियाँ जलाने, वाहनों से निकलने वाले धुएँ तथा धूल के कारण वायु गुणवत्ता पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वायु में मौजूद PM10 एवं PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं और इनके संपर्क में आने से बच्चों, बुजुर्गों तथा श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष रूप से परेशानी हो सकती है।

नगर निगम की ओर से विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करते हुए पटाखों के उपयोग से बचने, मिट्टी के दीयों एवं ऊर्जा-कुशल प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देने, कूड़ा-कचरा और सूखी पत्तियाँ खुले में न जलाने तथा घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही, कचरे का उचित निस्तारण करने और परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी वायु प्रदूषण की रोकथाम के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को समझाया गया कि स्वच्छ वायु केवल स्वास्थ्य के लिए ही आवश्यक नहीं है, बल्कि बेहतर जीवन और सुरक्षित पर्यावरण का भी आधार है। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता के माध्यम से ही प्रदूषणकारी गतिविधियों को कम कर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर नगर निगम देहरादून द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत जन-जागरूकता एवं सूचना, शिक्षा और संचार (IEC) गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यालयों के माध्यम से युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की यह पहल त्योहारों के दौरान वायु प्रदूषण को कम करने और नागरिकों में स्वच्छ वायु के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। नगर निगम का उद्देश्य जनसहभागिता को मजबूत करते हुए देहरादून को स्वच्छ, हरित एवं बेहतर वायु गुणवत्ता वाला शहर बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!