उत्तराखंडदेहरादून
Trending

देहरादून में दिनदहाड़े हत्या: जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा को मारी गोली, दहशत का माहौल

देहरादून: राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा रोज की तरह जिम से बाहर निकले ही थे कि घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सिर पर निशाना साधते हुए गोली चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

प्रारंभिक तौर पर पुलिस आपसी रंजिश और पेशेवर विवाद सहित विभिन्न एंगल से मामले की जांच कर रही है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

राजधानी में हाल के दिनों में लगातार हो रही फायरिंग और हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त राजपुर रोड क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!