
देहरादून: राजधानी में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कंपलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन से जुड़ा कार्य करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकल रहे थे तभी हमलावर ने उनके सिर पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हत्यारोपी पैदल आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया।
इलाके में दहशत, पुलिस ने संभाला मोर्चा
सुबह-सुबह व्यस्त राजपुर रोड क्षेत्र में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस विभिन्न एंगल—आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या अन्य संभावित कारणों—से मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित किए जाने की जानकारी मिली है।
हालिया घटनाओं से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे।
लगातार हो रही फायरिंग और हत्या की घटनाओं से राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग और व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।