Uncategorized

देहरादून में बीटेक छात्र की पीट-पीटकर हत्या, 15 के खिलाफ मुकदमा, 3 आरोपी गिरफ्तार.

देहरादून,
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते बीटेक के दो छात्र गुटों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।

देहरादून में बीटेक छात्र की पीट-पीटकर हत्या, 15 के खिलाफ मुकदमा, 3 आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को उसके साथियों द्वारा तत्काल प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर किया गया।

एम्बुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपने सरकारी वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई, जो बाद में अस्पताल पहुंचे। हालांकि, उपचार के दौरान देर रात छात्र ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और उनके बीच कॉलेज में वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी के चलते 23 मार्च की रात को विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हुई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

  • युवराज कुमार (20), निवासी भोजपुर (बिहार), वर्तमान पता- प्रेमनगर, देहरादून (बीबीए द्वितीय वर्ष)
  • मधुर खंडेलवाल (19), निवासी रुद्रपुर (उधम सिंह नगर), वर्तमान पता- प्रेमनगर, देहरादून (बीटेक तृतीय वर्ष)
  • शिवम शर्मा (20), निवासी पटना (बिहार), वर्तमान पता- प्रेमनगर, देहरादून (बीटेक तृतीय वर्ष)

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!