DehradunUttrakhand

मैं सीएम पद की रेस से बाहर, पहला मकसद 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना’: हरीश रावत

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया अपना रुख; अंकिता भंडारी न्याय और राशन घोटाले के मुद्दों पर सरकार को घेरा

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने स्वयं को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से पूरी तरह बाहर कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनका एकमात्र और प्राथमिक उद्देश्य 2027 में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाकर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते देखना है।

सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट के माध्यम से हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए कई काबिल नेता मौजूद हैं और यदि आगामी चुनाव में कांग्रेस बहुमत हासिल करती है, तो उन्हें मुख्यमंत्री या किसी भी अन्य पद की कोई लालसा नहीं है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें एक बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री बनने तक के अवसर दिए हैं, इसलिए अब उनकी कोई व्यक्तिगत पद की महत्वाकांक्षा शेष नहीं है।

अंकिता भंडारी न्याय और राशन घोटाले पर सरकार को घेरा

अपने संदेश में पूर्व मुख्यमंत्री ने आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस की प्रमुख राजनीतिक प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वे लगातार जनता को अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों की याद दिला रहे हैं और मौजूदा भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर कर रहे हैं।

हरीश रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि ‘उत्तराखंड की बेटी’ को न्याय दिलाना और इस मामले से कथित तौर पर जुड़े ‘वीआईपी’ को सजा दिलाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। इसके साथ ही उन्होंने स्कूली बच्चों के मिड-डे मील और गर्भवती महिलाओं के पोषाहार से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं के हक का अनाज छीनकर सैकड़ों करोड़ रुपये हड़पने वालों को जवाबदेह ठहराना जरूरी है, ताकि राज्य में पारदर्शी और जनहितैषी शासन की वापसी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!