DehradunUttrakhand

अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में वाहन गिरने से एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत तीन की मौत

धौलछीना के हरड़ा क्षेत्र में रात के समय हुआ हादसा; एसडीआरएफ और पुलिस ने रेस्क्यू कर बरामद किए शव

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धौलछीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरड़ा इलाके में उस समय हुआ, जब एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि दुर्घटना रात के समय हुई थी, जिसकी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को सुबह लग सकी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और साथ ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी सूचित किया गया। जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से दुर्गम खाई में उतरकर बचाव एवं खोज अभियान चलाया।

रेस्क्यू टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के भीतर से तीनों व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए हैं और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए शवों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ग्राम न्योली निवासी 36 वर्षीय हयात सिंह (पुत्र शेर सिंह), ग्राम हरड़ा निवासी 40 वर्षीय बसंती देवी (पत्नी हिम्मत सिंह) और 19 वर्षीय बीना देवी (पुत्री हिम्मत सिंह) के रूप में हुई है।

उधर, नैनीताल जिले के कैंची धाम के समीप भी बीती रात एक अन्य भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां बरेली के पर्यटकों की एक कार बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!