खटीमा में भीषण हादसा, ओवरटेक करते समय कार से टकराई बाइक, दो युवकों की ऑन स्पॉट मौत
चकरपुर-बनबसा मार्ग पर ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई, दुर्घटना का वीडियो डैस बोर्ड में रिकॉर्ड हुआ

ऊधम सिंह नगर: जिले के खटीमा स्थित चकरपुर इलाके में बीती देर शाम कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर होने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा तब हुआ जब बाइक सवार ओवरटेक कर रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आती कार से आमने-सामने भिड़ गई. दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं सड़क दुर्घटना का पूरा वाकया कार के डैश बोर्ड में लगे कैमरे में कैद हो गया.
खटीमा में भीषण सड़क हादसा: खटीमा के चकरपुर-बनबसा मार्ग पर हादसा होने की सूचना पाकर चकरपुर पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची. टीम ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों युवकों को खटीमा के सरकारी अस्पताल भिजवाया. वहां पर चिकित्सकों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक एवं कार को अपने कब्जे में ले दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.
हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत: यह हादसा इतना भीषण था कि बाइक कार को फाड़ते हुए उसमें धंस कर दो टुकड़ों में बंट गई. इस वजह से दोनों बाइक सवार युवकों ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. आज पोस्टमार्टम किया जाएगा.
हादसे का शिकार युवकों की हुई पहचान: मृतक युवकों की पहचान नावेद खान उम्र 29 वर्ष पुत्र बाबू खान निवासी वार्ड नंबर 13 खटीमा एवं नमन उम्र 25 वर्ष पुत्र सुरेंद्र कुमार वार्ड नंबर 13 खटीमा के रूप में हुई है. दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. चकरपुर चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
हादसे का वीडियो कार के डैस बोर्ड पर रिकॉर्ड हुआ: दुर्घटना का कार के डैस बोर्ड में लगे कैमरे का फुटेज भी सामने आया है. फुटेज के अनुसार ओवर टेकिंग के दौरान बाइक कार से आमने-सामने भिड़ते दिख रही है. फिलहाल दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद दोनों युवकों के परिजनों में शोक का माहौल है.
दोनों की शादी को नहीं हुआ था ज्यादा समय: प्राप्त जानकारी के अनुसार नावेद के निकाह को डेढ़ से दो साल ही हुए थे. वहीं नमन मौर्या की शादी को अभी एक वर्ष हुआ था. दोनों अपने परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गए.
उक्त सड़क दुर्घटना में चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई विकास कुमार के अनुसार-
चकरपुर-बनबसा मार्ग पर हादसा हुआ है. दो युवकों की मौत हो गई है. दोनों युवकों के शवों का आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा. सड़क दुर्घटना की जांच में पुलिस टीम जुट गई है.
-विकास कुमार, एसआई, चकरपुर-
हादसे के बाद बाइक के दो टुकड़े हुए: पुलिस के मुताबिक मेन मार्केट वार्ड नंबर 13 निवासी नावेद खान उम्र 29 वर्ष पुत्र बाबू खान और नमन उम्र 25 वर्ष पुत्र सुरेंद्र कुमार दोनों दोस्त किसी काम से बनबसा गए थे. बुधवार की देर शाम को वह मोटरसाइकिल से बनबसा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जगबुड़ा पुल के समीप ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही एक कार के टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार के बोनट में घुस गई. जितना हिस्सा बोनट से बाहर रहा वो टूटकर अलग हो गया. बाइक सवार युवक बनबसा से लौट रहे थे. जिस कार से बाइक टकराई उसमें सवार लोग दिल्ली से टनकपुर जा रहे थे.
