उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में लूट के बाद पुलिस-मुठभेड़, थानाध्यक्ष को गोली, एक बदमाश ढेर.

देहरादून। जनपद के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया। घटना में लूट का शिकार व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, देर रात थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पौंधा निवासी ठेकेदार देवराज घायल अवस्था में मिले। पीड़ित ने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे लूटपाट की और विरोध करने पर गोली मार दी। बदमाश उनके पास से करीब दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, डायरी और अन्य दस्तावेज लूटकर जंगल की ओर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार दिखाई देने पर पीछा तेज किया गया, तभी कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में लग गई, जिससे वे घायल हो गए।

आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। घायल बदमाश, थाना प्रभारी और पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकाबंदी कर दी है तथा सभी बॉर्डर क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मृत बदमाश की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!