मसूरी पालिका और एसडीएम कार्यालय को बम धमकी वाला ई-मेल, सीएम धामी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई ठिकाने निशाने पर;

देहरादून: मसूरी नगर पालिका और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पर मंगलवार को एक धमकी भरा संदेश मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। ई-मेल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे संदेश में देहरादून से लेकर दिल्ली तक के कई सरकारी भवनों, हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के अलावा रेलवे स्टेशनों और रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में कुछ स्थानों के साथ कथित तौर पर तारीख और समय का भी उल्लेख किया गया है।
संदेश में खालिस्तान का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। ई-मेल मिलने के बाद अधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दी। इसके बाद पुलिस, खुफिया विभाग और साइबर सेल सक्रिय हो गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और इसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। मामले की जांच तकनीकी स्तर पर भी की जा रही है। प्रशासन ने संबंधित स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है और सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है।