Samwad 2026: उत्तराखंड मॉडल की BRICS में भी हुई सराहना, मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं उपलब्धियां और चुनौतियां

देहरादून: उत्तराखंड केवल पहाड़ों, नदियों और तीर्थ स्थलों का प्रदेश नहीं है, बल्कि यह विकास, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने वाली संभावनाओं की भूमि है। इन्हीं मुद्दों पर चर्चा के लिए राजधानी देहरादून में अमर उजाला संवाद उत्तराखंड 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
संवाद के मंच से मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के विकास मॉडल, सरकार की योजनाओं और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि राज्य में सतत विकास, निवेश, रोजगार के अवसरों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगातार काम किया जा रहा है। उत्तराखंड के विकास मॉडल की सराहना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हुई है और BRICS जैसे मंचों पर भी इसे सकारात्मक रूप से देखा गया है।
देहरादून के होटल गेटवे में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘सतत विकास’ रखी गई। संवाद में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं, जिन्होंने अपने अनुभवों और विचारों के माध्यम से विकास, संस्कृति, पर्यावरण और समाज से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के पहले सत्र ‘सुप्रभात देवभूमि’ की शुरुआत प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता, भागवत कथा वाचिका और भजन गायिका देवी चित्रलेखा ने की। संवाद के दौरान उत्तराखंड की संभावनाओं, विकास की दिशा और राज्य के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।