DehradunUttrakhand

बीकेटीसी CEO सोहन सिंह रांगड़ का श्रीनगर विश्राम गृह और देवप्रयाग संस्कृत महाविद्यालय का निरीक्षण

यात्री सुविधाएं सुधारने, विद्यालय भवन की मरम्मत और छात्र संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश, कहा—महाविद्यालय बंद नहीं होगा

 

देवप्रयाग:बीते कल शनिवार अपराह्न 4 जुलाई को  बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने श्रीनगर गढ़वाल स्थित बीकेटीसी के यात्री विश्राम गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों को यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए तथा विश्राम गृह कार्यालय का निरीक्षण उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया।

 

इसके बाद मुख्य कार्याधिकारी ने रघुनाथ कीर्ति संस्कृत महाविद्यालय, देवप्रयाग का निरीक्षण किया तथा प्रधानाचार्य से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की

इस निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के संबंध में मुख्य कार्याधिकारी द्वारा दर्ज निरीक्षण टिप्पणी के अनुसार वर्तमान में महाविद्यालय में छात्र संख्या शून्य है। बताया गया कि महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमित बंदोलिया वर्तमान में बदरीनाथ में वेदपाठी के रूप में कार्यरत हैं तथा छात्र संख्या नहीं होने के कारण उन्हें प्रतिनियुक्ति पर श्री बदरीविशाल संस्कृत विद्यालय कमेड़ा भेजा गया है।

 

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्याधिकारी ने निर्देश दिए कि महाविद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि विद्यालय की भौतिक एवं शैक्षणिक संरचना का समुचित उपयोग हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय को बंद नही किया जाएगा।

मुख्य कार्याधिकारी ने अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी को निर्देशित किया कि वे महाविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल भवन की विस्तृत रिपोर्ट एवं आवश्यक मरम्मत कार्य का प्रस्ताव तैयार करें। साथ ही प्रधानाचार्य को विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई के लिए राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित करने तथा विद्यालय परिसर में साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए।

 

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया किनिरीक्षण के अंत में मुख्य कार्याधिकारी ने स्पष्ट किया कि महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।

 

श्रीनगर गढ़वाल में इस अवसर पर प्रबंधक सुरेश नौटियाल प्रवीण नौटियाल, लक्ष्मण बिष्ट, कमला देवी सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे जबकि संस्कृत महाविद्यालय देवप्रयाग में निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य शेष नारायण भट्ट, लिपिक अविनाश कोटियाल सहित कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!