Uncategorized

देहरादून में फाइव स्टार होटलों की रसोई तक पहुंची खाद्य विभाग की टीम, पनीर की गुणवत्ता पर खास निगरानी

देहरादून। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर धामी सरकार ने अब बड़े होटल प्रतिष्ठानों की भी जांच तेज कर दी है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीमों ने देहरादून-मसूरी रोड स्थित प्रमुख फाइव स्टार होटलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के तहत शहर के बड़े होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में किचन, स्टोर रूम और खाद्य सामग्री की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।जांच के दौरान एक होटल से मसालों और दूसरे प्रतिष्ठित होटल से तैयार दाल का नमूना लिया गया। दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने होटलों की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के स्टोरेज, पैकेज्ड फूड की गुणवत्ता और लेबलिंग सहित कई बिंदुओं की पड़ताल की। होटल संचालकों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान विभाग ने एनालॉग पनीर और अन्य गैर-दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उसके स्रोत, लेबलिंग या निर्धारित मानकों में किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!