उत्तराखंड

देहरादून-हरिद्वार में बढ़ेगा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन, छोटे रूटों पर फोकस के निर्देश

परिवहन सचिव रविनाथ रमन ने इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों और आरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, यात्रियों की सुविधा और बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर दिया जोर

देहरादून में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बेहतर बनाने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिवहन सचिव एवं आयुक्त रविनाथ रमन ने आरटीओ कार्यालय देहरादून में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए गठित स्पेशल पर्पस व्हीकल (एसपीवी) की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही देहरादून और हरिद्वार में तैयार किए जा रहे इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों की स्थिति भी जानी।

निरीक्षण के दौरान परिवहन सचिव ने संबंधित कार्यदायी संस्था को सभी काम तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना इस तरह तैयार की जाए, जिससे आम लोगों को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने में सुविधा मिले और निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो।

सचिव ने देहरादून और हरिद्वार में इलेक्ट्रिक समेत अन्य बसों के रूटों के पुनर्गठन के निर्देश भी दिए। देहरादून में करीब 100 और हरिद्वार में 37 रूटों को रूट रेशनलाइजेशन के तहत व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है। खासतौर पर छोटे रूटों को प्राथमिकता देने और इन पर बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को कम इंतजार करना पड़े।

इसके बाद परिवहन सचिव ने आरटीओ कार्यालय में वाहन पंजीकरण और सारथी पोर्टल के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रियाओं का सिस्टम पर बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी सेवाएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कार्यालय परिसर में आवेदकों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं, जैसे पीने का पानी और शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर परिवहन सचिव रीना जोशी, अपर परिवहन आयुक्त एसके सिंह, उप आयुक्त परिवहन सुनील शर्मा, आरटीओ प्रशासन देहरादून संभाग संदीप सैनी, आरटीओ प्रवर्तन देहरादून संभाग अनीता चमोला, जीएम रोडवेज पवन मेहता, एआरटीओ प्रशासन देहरादून चक्रपाणि मिश्रा, एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मानेहा झा सहित स्मार्ट सिटी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!