DehradunUttrakhandउत्तराखंडदेहरादून

स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के द्वितीय दिवस पर कठपुतली शो के माध्यम से दिया गया वायु प्रदूषण नियंत्रण का संदेश

देहरादून। स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के अंतर्गत नगर निगम देहरादून द्वारा वायु प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सप्ताह के द्वितीय दिवस पर नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून के मार्गदर्शन में वेस्ट वॉरियर्स एनजीओ  द्वारा कठपुतली शो का आयोजन किया गया।

 

कठपुतली शो के माध्यम से आमजन को सरल एवं मनोरंजक तरीके से वायु प्रदूषण के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा प्रदूषण को कम करने के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से खुले में कूड़ा-कचरा एवं अन्य सामग्री जलाने से बचने, कूड़े का उचित निस्तारण एवं स्रोत पर कचरे का पृथक्करण करने, सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को अपनाने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में बताया गया कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। खुले में कचरा जलाने से निकलने वाला धुआँ वायु की गुणवत्ता को प्रभावित करता है तथा मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। अतः नागरिकों से अपील की गई कि वे खुले में कूड़ा न जलाएं और आसपास के लोगों को भी ऐसा करने से रोकने के लिए जागरूक करें।

 

कठपुतली शो के माध्यम से “स्वच्छ दून–स्वस्थ दून” एवं स्वच्छ वायु के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने वायु प्रदूषण को कम करने तथा शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने में सहयोग करने का संकल्प भी लिया।

 

नगर निगम देहरादून द्वारा स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के दौरान इसी प्रकार की आईईसी एवं जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!