स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण एवं कार्बन चक्र के प्रति किया जागरूक

स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के अंतर्गत नगर निगम देहरादून द्वारा वायु प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून के मार्गदर्शन में AARON NGO द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण, उसके प्रमुख कारणों, मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों तथा कार्बन चक्र के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड एवं अन्य गैसों का संतुलन किस प्रकार पर्यावरण एवं जलवायु को प्रभावित करता है तथा मानवीय गतिविधियों के कारण इस प्राकृतिक संतुलन पर किस प्रकार प्रभाव पड़ रहा है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण को कम करने के लिए खुले में कूड़ा जलाने से बचने, सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत वाहनों के विवेकपूर्ण उपयोग, अधिक से अधिक पौधारोपण एवं हरित क्षेत्र विकसित करने, ऊर्जा की बचत करने तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ वायु एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक करें।

AARON NGO द्वारा आयोजित इस जागरूकता गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति समझ विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार पर्यावरण प्रहरी के रूप में प्रेरित करना रहा।
नगर निगम देहरादून द्वारा स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के अंतर्गत विद्यालयों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर IEC एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।