Uttrakhandदेहरादून

नगर आयुक्त  की अध्यक्षता में पशु कल्याण एवं पशु प्रबंधन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

 

देहरादून। बुधवार को नगर निगम परिसर में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे की अध्यक्षता में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ पशु कल्याण, आवारा पशु प्रबंधन तथा पशुओं की पहचान एवं संरक्षण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में पशुओं की टैगिंग एवं RFID आधारित पहचान प्रणाली को चरणबद्ध रूप से लागू करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे पशुओं का प्रभावी प्रबंधन एवं निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पशुओं की पहचान के लिए आधार आधारित तकनीकी व्यवस्था की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में आवारा एवं निराश्रित पशुओं के टीकाकरण, आश्रय गृहों के संचालन, पशुओं के संरक्षण, निराश्रित पशुओं को गोद लेने  की व्यवस्था तथा पशुओं से संबंधित आंकड़ों के डिजिटलीकरण पर विशेष चर्चा की गई। नगर आयुक्त महोदय ने नगर निगम के पशु चिकित्सा अनुभाग को सभी आंकड़ों का नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

भारत पशुधन पोर्टल पर वार्ड लेवल/जोनल लेवल नोडल अधिकारी नामित करने हेतु तत्काल मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, देहरादून एवं वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी, नगर निगम देहरादून को दिशा-निर्देश दिये गये हैं ताकि भारत सरकार की गाइडलाईन का तत्काल पालन हो सके।

 

नगर निगम देहरादून द्वारा संचालित गौशालाओं एवं पशु आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पशुओं की संख्या, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण तथा आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पशु कल्याण से संबंधित जन-जागरूकता कार्यक्रमों, मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से श्वान पशु रजिस्ट्रेशन तथा नागरिक सहभागिता बढ़ाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

नगर निगम के लिये एनिमल एम्बुलेंस क्रय हेतु संस्थाओं के CSR के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने तथा माननीय विधायक निधि के माध्यम से क्रय करने हेतु नगर आयुक्त महोदय द्वारा सुझाव दिया गया

 

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि नगर निगम देहरादून पशु कल्याण एवं आवारा पशु प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए एक प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।

 

इस दौरान बैठक में डॉ. डी.के. चंद, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, देहरादून, डॉ. वरुण अग्रवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम देहरादून,  मनीष पंत,  रश्मि शर्मा एवं सोहन नेगी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!