महाराष्ट्र

FDA में कथित वसूली का मामला, संजय राउत ने आयुक्त तुकाराम मुंढे को लिखा पत्र

मुंबई: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) को लेकर राज्यसभा सांसद संजय राउत ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। राउत ने FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे को पत्र लिखकर कुछ अधिकारियों पर कारोबारियों से कथित तौर पर पैसे मांगने के आरोप लगाए और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

राउत के मुताबिक, कुछ कारोबारी शिकायत कर रहे हैं कि लाइसेंस रद्द या निलंबित करने का डर दिखाकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। पत्र में दावा किया गया है कि पहले क्लोजिंग नोटिस के नाम पर करीब 10 से 12 हजार रुपये लिए जाने की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब कथित तौर पर यह रकम 75 हजार से 2 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

उन्होंने बांद्रा स्थित FDA मुख्यालय और ठाणे कार्यालय से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया है। पत्र में ठाणे के एक अधिकारी पर एक कॉमर्स कंपनी का निलंबित लाइसेंस बहाल कराने के बदले कथित तौर पर 17 से 18 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है।

राउत ने सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों को लेकर भी पारदर्शी जांच की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि केवल ऑनलाइन शिकायत के आधार पर कार्रवाई करने के बजाय शिकायत की सत्यता की जांच जरूरी है।

उन्होंने क्लोजिंग नोटिस, लाइसेंस निलंबन और बहाली से जुड़े मामलों की स्वतंत्र जांच तथा पूरी प्रक्रिया और फैसलों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!