DehradunUttrakhand

गोमुख-तपोवन में राहत अभियान तेज, 121 ट्रेकर सुरक्षित निकाले गए; 136 पर्वतारोहियों के लिए पहुंचा हेलीकॉप्टर

उत्तरकाशी में बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर ट्रेकर फंस गए

गंगोत्री नेशनल पार्क के गोमुख-तपोवन ट्रेक पर भारी बर्फबारी के चलते फंसे 121 ट्रेकरों को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गंगोत्री धाम पहुंचाया। ये सभी ट्रेकर पिछले दो-तीन दिनों में गोमुख और तपोवन क्षेत्र में ट्रेकिंग व कैंपिंग के लिए पहुंचे थे। शनिवार दोपहर बाद अचानक हुई तेज बर्फबारी से ट्रेक पर आवाजाही मुश्किल हो गई, जिसके चलते कई ट्रेकर रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

121 ट्रेकरों को सुरक्षित निकाला गया 

गंगोत्री नेशनल पार्क के कनखू बैरियर प्रभारी वन दारोगा राजवीर रावत ने बताया कि शनिवार को गोमुख और तपोवन क्षेत्र में भारी बर्फबारी शुरू होने के बाद ट्रेकरों की सुरक्षित वापसी चुनौती बन गई थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रविवार को वन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर सभी 121 ट्रेकरों को सुरक्षित बाहर निकाला और गंगोत्री धाम पहुंचाया।

 

136 ट्रेकर्स को निकालने के लिए तीन हेलीकॉप्टर हुए  रवाना:

उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में खराब मौसम और बर्फबारी के बीच फंसे 136 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए हवाई रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग के 18 सदस्य और ऑडन कोल पास बेस कैंप में मौजूद 29 सदस्य शामिल हैं।रेस्क्यू अभियान के तहत हर्षिल से तीन हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी। अभियान के दौरान अब तक 21 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया जा चुका है। बाकी लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!