
देहरादून: उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद देर शाम तक परिणाम घोषित किए गए। देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव इस बार भी हंगामे के बीच संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नवदीप राणा ने जीत दर्ज की। उन्होंने NSUI के प्रत्याशी सौरभ सेमवाल को 94 मतों के अंतर से हराया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में नवदीप राणा को 1,759 वोट मिले, जबकि सौरभ सेमवाल को 1,665 मत प्राप्त हुए। वहीं, अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशी अमित सिंह को 998 और तान्या को 36 वोट मिले। इस जीत के साथ DAV पीजी कॉलेज में एक बार फिर अध्यक्ष पद पर ABVP का कब्जा बरकरार रहा।
वहीं, उपाध्यक्ष पद पर SFI के शैलेंद्र सिंह ने जीत हासिल की। उन्हें 2,388 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी हर्ष रावत को 1,603 वोट मिले।
सेक्रेटरी पद पर नितांश ने जीत दर्ज की। वहीं, दीपक राणा को 1,953 वोट मिलने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा।
मतपत्रों की वैधता को लेकर हुआ हंगामा
मतगणना के दौरान मतपत्रों की वैधता को लेकर NSUI और ABVP समर्थकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बन गई और कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कॉलेज परिसर में पहले से तैनात भारी पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग भी किया। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया गया और मतगणना प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किए गए।
DAV पीजी कॉलेज देहरादून के करनपुर क्षेत्र में स्थित है और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध है। कॉलेज का इतिहास भी काफी पुराना है। संस्थान की शुरुआत इंटरमीडिएट कॉलेज के रूप में हुई थी, जिसके बाद इसे डिग्री कॉलेज और फिर स्नातकोत्तर महाविद्यालय का स्वरूप दिया गया।