सहारनपुर चौक स्थित कॉम्प्लेक्स के पुनर्निर्माण, आवासीय कॉलोनी में नए आवास तथा नगर निगम कॉम्प्लेक्स के बाहर अतिक्रमण हटाने के निर्देश

देहरादून। नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून श्री आलोक कुमार पाण्डेय द्वारा नगर निगम की विभिन्न परिसंपत्तियों एवं परिसरों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने पटेल रोड स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स, नगर निगम आवासीय कॉलोनी तथा सहारनपुर चौक के निकट भूसा स्टोर के पास स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सहारनपुर चौक स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के पुनर्निर्माण की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि परिसर का बेहतर एवं व्यवस्थित विकास करते हुए नगर निगम की परिसंपत्ति का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
नगर आयुक्त ने नगर निगम आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए कर्मचारी हित में नए आवास बनाए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सर्वे एवं परीक्षण कर नए आवास निर्माण के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि नगर निगम कर्मचारियों के हित में आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

वहीं, नगर निगम कॉम्प्लेक्स के बाहर किए गए अतिक्रमण का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने तथा परिसर के आसपास व्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की परिसंपत्तियों का संरक्षण, उनका बेहतर रखरखाव तथा जनहित एवं कर्मचारी हित में उनका प्रभावी उपयोग नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित कार्यों की आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त तनवीर मरवाह, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप तथा अधिशासी अभियंता रजित कोटियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।