अंकिता भंडारी मामले और चंदा विवाद को लेकर कांग्रेस की न्याय यात्रा की तैयारी, बदरीनाथ धाम में होगा समापन

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी यात्रा निकालने की योजना बनाई है। इस यात्रा के जरिए पार्टी अंकिता भंडारी हत्याकांड, पेपर लीक प्रकरण, मंदिरों में कथित चंदा चोरी और प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। प्रस्तावित यात्रा का समापन बदरीनाथ धाम में करने की योजना बनाई गई है।
कांग्रेस नेताओं के बीच इस कार्यक्रम को लेकर प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। हालांकि, यात्रा कब शुरू होगी और इसका अंतिम मार्ग क्या रहेगा, इस पर अभी फैसला होना बाकी है। प्रदेश के नेताओं की ओर से तैयार किए गए प्रस्ताव को पार्टी हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की रणनीति स्पष्ट होगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के मुताबिक, पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों से यात्राएं निकालने का विचार किया है। प्रस्ताव के अनुसार, धारचूला, हरिद्वार, चकराता, पुरोला, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित अलग-अलग इलाकों से वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में यात्रा निकाली जा सकती है। इन यात्राओं के चमोली जिले में एकत्र होने के बाद सभी प्रतिभागियों के बदरीनाथ धाम पहुंचने की योजना है।
कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा, महिला उत्पीड़न, बढ़ते अपराध, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और धार्मिक स्थलों से जुड़े कथित विवादों को प्रमुखता से उठाना चाहती है। पार्टी की योजना बदरीनाथ धाम में भगवान विष्णु के समक्ष चढ़ावा अर्पित कर प्रदेश में न्याय और इंसाफ की कामना करने की भी है।
यात्रा का नाम जन जागरण यात्रा, जन क्रांति, लोकतंत्र बचाओ क्रांति या संकल्प यात्रा रखा जा सकता है। नाम और कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा। राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस प्रस्तावित अभियान पर है, क्योंकि इसके जरिए कांग्रेस जनहित के मुद्दों को उठाने के साथ प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की कोशिश करेगी।