
पशुधन प्रसार अधिकारी एवं सर्वेक्षक भर्ती परीक्षा-2026 के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 18 अक्टूबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 10,492 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पशुधन प्रसार अधिकारी पद की लिखित परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसके लिए जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8,957 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं, सर्वेक्षक पद की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए चार परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 1,535 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में कोषागार सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर समय से व्यवस्थाएं पूरी करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने पर जोर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद मूल ओएमआर शीट और अन्य गोपनीय सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित कोषागार में जमा कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश: जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अनुचित साधनों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी और परीक्षा के लिए नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।