उत्तराखंडदेहरादून

UPES विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण, जांच के लिए पानी-दाल और सब्जी के नमूने लिए देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने शुक्रवार को देहरादून स्थित यूपीईएस (UPES) विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई और पानी, पकी हुई दाल तथा सब्जी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किए गए।

आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से संबंधित दस्तावेज टीम को उपलब्ध कराए गए।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित भोजन की स्थिति स्पष्ट करने के लिए नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की मेस व कैफेटेरिया में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी भोजन करते हैं।

निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू तिवारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!