ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, पति-पत्नी समेत तीन बच्चों ने गंवाई जान

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर फूड सेफ्टी विभाग और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौत
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार सुबह रबूपुरा थाना पुलिस को नगला पदम गांव में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना मिली। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35) और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। बच्चों की उम्र 11 वर्ष, 7 वर्ष और 3 वर्ष बताई गई है।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और फूड सेफ्टी विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आसपास के लोगों और महेश की मां से मिली जानकारी में सामने आया है कि परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। हालांकि, केवल इस जानकारी के आधार पर मौतों का कारण निश्चित नहीं माना जा सकता।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मौतों के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद नगला पदम गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की अचानक मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।