Dehradun

देहरादून में 181 फीट के रावण का होगा दहन, दशहरे पर परेड ग्राउंड जीरो जोन घोषित

देहरादून: राजधानी देहरादून में दशहरा महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परेड ग्राउंड में 20 अक्टूबर को बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 79वां दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बार 181 फीट ऊंचे रावण का पुतला मुख्य आकर्षण रहेगा। रावण का दहन रिमोट के जरिए किया जाएगा। इसके लिए पुतले में दस बम लगाए गए हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा और यातायात नियंत्रित करने के लिए 11 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। शोभायात्रा कालिका मंदिर से शुरू होकर मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल और कनक चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी।

विक्रम और मैजिक वाहनों के बदले रूट

दशहरा कार्यक्रम समाप्त होने तक विक्रम और मैजिक वाहनों के रूट बदले रहेंगे। रूट नंबर तीन के विक्रम तहसील चौक तक ही आएंगे और वहां से दून चौक व एमकेपी चौक होते हुए सीएमआई और धर्मपुर की ओर जाएंगे। रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे। वहीं, रूट नंबर दो के विक्रम पंत रोड स्टैंड से संचालित नहीं होंगे और उन्हें सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस मोड़ा जाएगा।

बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। परेड ग्राउंड से कैंट और राजपुर रोड जाने वाली बसें ओरिएंट चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास से चलेंगी। क्लेमेंटटाउन से कुठाल गेट जाने वाली बसें दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए राजपुर रोड पहुंचेंगी। रायपुर, मालदेवता और सहस्रधारा रोड की बसें चूना भट्टा से संचालित होंगी।

सामान्य और वीआईपी वाहनों के लिए अलग पार्किंग

दशहरा देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, काबुल हाउस, नगर निगम पार्किंग और पुराने तहसील परिसर में व्यवस्था की गई है। वीआईपी, अधिकारियों और पासधारकों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

पार्किंग स्थल भरने पर सचिवालय, जनपथ मार्केट बिंदाल, महिला पॉलिटेक्निक के सामने और कचहरी क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और संभव हो तो दोपहिया वाहनों से आने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!