Dehradun

धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज, 3000 करोड़ के अनुपूरक बजट समेत कई प्रस्तावों पर होगी चर्चा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज, 22 अक्टूबर को उत्तराखंड मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। सचिवालय में दोपहर 3:30 बजे से होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों के साथ कई अहम विभागीय प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में करीब 3,000 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा शिक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य और खेल विभाग से जुड़े प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

अनुपूरक बजट पर रहेगी खास नजर

उत्तराखंड विधानसभा का आगामी सत्र 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में प्रस्तावित है। सत्र के दौरान सरकार को अनुपूरक बजट पेश करना है। ऐसे में कैबिनेट की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बजट को मंजूरी मिलने पर विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय जरूरतों को पूरा करने का रास्ता साफ हो सकता है।

शिक्षक तबादला नीति और ईवी पॉलिसी पर चर्चा संभव

बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण में पारदर्शिता लाने से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है। इसके साथ ही राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी पॉलिसी और आलंबन गांव योजना से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को राज्य की ओर से मिलने वाले अनुदान के संबंध में छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी बैठक के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल हो सकती है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की तैयारी

प्रदेश में विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चुनौती बनी हुई है। इसे देखते हुए सरकार आउटसोर्स के माध्यम से डॉक्टरों की तैनाती के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

इसके अतिरिक्त परिवहन, शिक्षा और खेल सहित अन्य विभागों के प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखे जा सकते हैं। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला बैठक के दौरान मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!