सचिवालय की महिला अधिकारी को फेसबुक पर किया परेशान, ब्लॉक करने पर करने लगा कॉल; नशे में दफ्तर पहुंचकर दी धमकी

देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक महिला अधिकारी को कथित तौर पर सोशल मीडिया और फोन के जरिए परेशान करने का मामला सामने आया है। आरोप सहकारिता विभाग में तैनात एक उपनल कर्मचारी पर लगा है। महिला अधिकारी का कहना है कि फेसबुक पर ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी उन्हें बार-बार फोन करने लगा। इतना ही नहीं, 16 अक्टूबर को वह कथित तौर पर नशे की हालत में उनके कार्यालय पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला अधिकारी आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में अनुभाग अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी। इससे परेशान होकर उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपी उनके मोबाइल नंबर पर बार-बार कॉल करने लगा। महिला अधिकारी ने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।
शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी उनके कार्यालय पहुंचा और कथित तौर पर अभद्रता करते हुए अपशब्द कहे। आरोप है कि उसने महिला अधिकारी को धमकी भी दी। इस घटना के बाद महिला अधिकारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था।
बताया गया कि कार्यालय में मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सचिवालय परिसर से बाहर भागने लगा। इसके बाद सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी के साथ मारपीट किए जाने का दावा भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उसे सचिवालय में तैनाती से भी हटा दिया गया है।
नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि महिला अधिकारी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।