उत्तराखंड में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ शुरू, बदरीनाथ से गणेश गोदियाल तो देहरादून में प्रीतम सिंह ने संभाली कमान

देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने के लिए कांग्रेस ने ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, महिला अपराध और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच पहुंचेगी। यात्रा का आगाज तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों बदरीनाथ धाम, देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर और अल्मोड़ा के गोल्ज्यू देवता चितई मंदिर से किया गया। अलग-अलग क्षेत्रों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की कमान संभाली।
बदरीनाथ से गणेश गोदियाल ने किया आगाज
चमोली स्थित बदरीनाथ धाम से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में न्याय यात्रा शुरू हुई। इस दौरान बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अन्याय के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा के जरिए जनता के अधिकारों, उत्तराखंड की अस्मिता और लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
देहरादून में प्रीतम सिंह ने संभाला मोर्चा
राजधानी देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा का शुभारंभ किया गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में अभियान आगे बढ़ाया गया। राजपुर रोड और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में भी यात्रा निकाली जा रही है।
कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को सुना जाएगा। पार्टी बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अधूरे विकास कार्यों को लेकर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।
कुमाऊं में यशपाल आर्य ने उठाए जनहित के मुद्दे
अल्मोड़ा के चितई स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर से भी न्याय यात्रा की शुरुआत हुई। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। इस दौरान महंगाई, महिला अपराध, भ्रष्टाचार और जल, जंगल व जमीन से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, न्याय यात्रा को प्रदेशव्यापी अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को सामने लाकर सरकार को जवाबदेह बनाया जा सके।